कांग्रेसियों ने 50 साल में क्या किया: शिवराज

खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा तीसरे चरण में शनिवार देर रात खरगोन पहुंची। रविवार सुबह सर्किट हाउस से मुख्यमंत्री ने हाईटेक रथ में सवार होकर सभा स्थल कृषि उपज मंडी का रुख किया। एक घंटे तक शहर में घूमकर जन आशीर्वाद लेते हुए अनाज मंडी में पहुंचे। सुबह 12 बजे जनसभा शुरु हुई। लगभग 20 हजार लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मप्र को बर्बाद कर दिया था, पिछले 15 सालों में हमने प्रदेश का विकास किया है। कांग्रेस की दिग्विजय सिंह सरकार ने मप्र को बर्बाद कर दिया था, मुझे बीमारु मप्र मिला था। मैं जनता को हिसाब दे रहा हूं लेकिन कांग्रेसियों से मैं हिसाब मांगता हूं, उन्होंने 50 साल में क्या किया? कमलनाथ, ज्योतिरादित्य हमसे हिसाब मांग रहे हैं, अरे वे तो केन्द्रीय भूतल मंत्री थे, तब राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे थे, लोग अन्य राज्यों से जब बसों में सवार होकर प्रदेश में प्रवेश करते थे तो गड्ढे लगने पर कहते थे कि मप्र आ गया। भाजपा ने देश के साथ ही मप्र की सड़कंे सुधारी हैं। इस दौरान पशुपालन मंत्री अंतरसिंह आर्य, श्रम मंत्री बालकृष्ण पाटीदार, प्रभात झा, सुहास पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल महाजन, नपा अध्यक्ष विपिन गौर, बाबू सिंह रघुवंशी आदि नेता भी शामिल थे। स्वागत भाषण कृषि राज्यमंत्री ने दिया। उन्होंने नवग्रह महाराज के जयकारे से अपनी बात की शुरुआत की और उपस्थित जनसमूह से कहा मुख्यमंत्री आएं उतने समय में एक मिनट तक तालियां बजाकर स्वागत करें, जिससे लगे कि खरगोन की जनता किस तरह आशीर्वाद देती है। इसके बाद पांडाल तालियों की गडड़़ाहट से गंूज उठा।
कपास पर आधारित योजना बनाएंगे : मुख्यमंत्री ने कहा कि निमाड़ में 5 हजार करोड़ की सिंचाई परियोजनों का काम चल रहा है। अब किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा सरकार हर खेत पानी पहुंचाएगी। किसानों की लागत में 50 प्रतिशत जोड़कर समर्थन मूल्य तय किया जाएगा। कपास पर आधारित योजना बनाएंगे और सुविधाएं देंग,े ताकि बच्चों को रोजगार मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि खरगोन में कपास की पैदावार काफी अधिक होती है, इसलिए मप्र सरकार ने यहां कॉटन इंडस्ट्री को बढ़ावा देने पर काम कर रही है। यहां नए उद्योग प्रारंभ किए जाएंगे जिससे स्थानीय युवाओं को यहां रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकंे।
मुख्यमंत्री ने अमर शहीद राजेंद्र यादव को भी नमन् करते हुए कहा भाजपा सैनिकों और शहीदों का सम्मान करना जानती हैं, लेकिन कांग्रेस ने शहीदों का अपमान करने में भी गुरेज नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में अध्यापक की जगह शिक्षाकर्मी बनाए गए थे। खरगोन को नंबर वन बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ के नारे लगाए लेकिन नहीं हटी, कांग्रेस मुझसे सीखे गरीबी कैसे हटाएं।
विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण : मुख्यमंत्री चौहान ने खरगोन में कई विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। मंडी स्थित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 3969.85 लाख रूपए की लागत से बनने वाले सड़कों व पुल, पुलियों का भूमिपूजन एवं 3 स्कूलों का लोकार्पण किया।