यूक्रेन पर रूसी हमले ने डुबा दिया Share Market, Sensex 2700 अंक टूटा
नई दिल्ली। यूक्रेन पर रूस के हमले में पूरी दुनिया के शेयर बाजारों पर असर डाला है। भारतीय शेयर बाजार पर भी इसका गहरा असर दिखाई दिया है। गुरुवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई। बीएसई का 30 अंकों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 2700 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं, एनएसई के निफ्टी इंडेक्स में 800 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
गुरुवार सुबह सेंसेक्स 1813.61 अंकों की गिवावट के साथ 55,418.45 अंक पर खुला था जबकि बुधवार को यह 57,232.06 अंक पर बंद हुआ था। फिर, गुरुवार को दिन पर बाजार घाटे में रहा। इस दौरान सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियां लाल रंग के निशान पर कारोबार करती दिखीं। अंत में सेंसेक्स 2,702.15 अंक या 4.72 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ।
वहीं, एनएसई के निफ्टी इंडेक्स का भी बुरा हाल रहा। यह 16,548.90 पर खुला था और 815.30 अंक या 4.78 फीसदी की गिरावट के साथ 16,247.95 पर बंद हुआ। दिन में यह सबसे ज्यादा 16,705.25 अंक तक पहुंचा था लेकिन इस बढ़त को बाजार जारी नहीं रख सका। यह दिन में सबसे नीचे 16,203.25 अंक के स्तर तक पहुंचा था।
निफ्टी इंडेक्स की भी सभी कंपनियों के शेयर घाटे में रहे। सबसे ज्यादा TATAMOTORS के शेयरों में गिरावट देखी गई। इसके बाद INDUSINDBK, UPL, GRASIM और JSWSTEEL के शेयर टूटे। इसके साथ ही यह पांचों सबसे ज्यादा घाटा झेलने वाले शेयर रहे।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के तकनीकी अनुसंधान विश्लेषक नागराज शेट्टी ने कहा रूस-यूक्रेन भू-राजनीतिक संकट की पृष्ठभूमि में गुरुवार को बाजार का बुरा हाल रहा। कारोबारी सत्र के मध्य से बाद के हिस्से में बिकवाली का दबाव ज्यादा देखा गया।
यूक्रेन संकट गहराने के बीच वैश्विक स्तर पर भी शेयरों में गिरावट आई और तेल की कीमतों में 5 अमरीकी डालर प्रति बैरल से अधिक की वृद्धि हुई। इसे लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।