कौन होगा कांग्रेस का अगला अध्यक्ष? जल्द होंगे संगठनात्मक चुनाव, पार्टी में 6 करोड़ से अधिक हैं सदस्य
नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) के जल्द कांग्रेस (Congress) में शामिल होने की अटकलें हैं। कांग्रेस प्रशांत किशोर के प्रस्तावों पर विचार भी कर रही है। इसी बीच कांग्रेस संगठनात्मक चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। चुनाव से पहले कांग्रस ने सदस्यता अभियान चलाया था, जिसमें 6 करोड़ से अधिक सदस्य बने हैं। ये सदस्य पार्टी का नया अध्यक्ष चुनेंगे।
एएनआइ से बात करते हुए कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा, ‘पार्टी ने अपना सदस्यता अभियान पूरा कर लिया है, जिसमें करीब 6 करोड़ लोगों ने सदस्यता ली है। लगभग 2.6 करोड़ सदस्यों को डिजिटल सदस्यता के माध्यम से नामांकित किया गया था। सदस्यता कागजों के माध्यम से भी हो चुकी है, इसलिए कुछ दिनों में कुल संख्या को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। 15 अप्रैल तक इसके 6 करोड़ से अधिक होने की उम्मीद है।’
सिंतबर में मिलेगा कांग्रेस को नया अध्यक्ष
इन चुनावों में वो ही सदस्य हिस्सा ले पाएंगे जिनका नामांकन 15 अप्रैल तक हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि चुनाव प्राथमिक स्तर से शुरू होंगे और फिर बूथ समिति चुनाव, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर के चुनाव होंगे। उन्होंने कहा, ‘इसके लिए हमने देश भर में 756 जिला रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं। हम कांग्रेस कार्य समिति द्वारा दिए गए कार्यक्रम के अनुसार ठीक चल रहे हैं। सितंबर 2022 तक पार्टी को एक नया निर्वाचित अध्यक्ष मिल जाएगा।’ अभी यह स्पष्ट नहीं है कि राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे या नहीं।
2019 की हार के बाद दिया था राहुल गांधी ने इस्तीफा
गौरतलब है कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। राहुल को दिसंबर 2017 में निर्विरोध कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था। राहुल के इस्तीफे के बाद कांग्रेस कार्यसमिति ने सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष बनाया था।