मोदी की आज बंगाल में रैली, लोगों का ध्यान हटाने के लिए तृणमूल ने पूरे शहर में लगवाए ममता के पोस्टर

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के यूपी दौरे के बाद सोमवार को ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल जा रहे हैं। वे यहां मेदिनीपुर जिले में जनसभा करेंगे। बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में यह उनकी पहली रैली है। भाजपा ने इसमें दो लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने का दावा किया है। मोदी के दौरे से ठीक पहले मेदिनीपुर शहर में तृणमूल कांग्रेस ने ममता बनर्जी के पोस्टर लगा दिए हैं। कई सभाएं रखी गई हैं ताकि मोदी की सभा में कम से कम लोग पहुंचें।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष का कहना है कि इस साल मोदी राज्य में 5 और रैलियों को संबोधित करेंगे। समर्थन मूल्य बढ़ाने पर मोदी का अभिनंदन करने के लिए यह रैली हो रही है। अमित शाह अगस्त के पहले सप्ताह में एक बार फिर बंगाल के दो दिन के दौरे पर आ सकते हैं। वे पिछले महीने भी बंगाल गए थे। तब उन्होंने स्थानीय नेताओं को राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 22 पर जीत का लक्ष्य दिया था। सुरेश प्रभु, पीयूष गोयल समेत कई केंद्रीय मंत्री भी लगातार राज्य के दौरे कर रहे हैं।
भाजपा का बंगाल में बढ़ा है जनाधार, दूसरे नंबर की पार्टी बनी : 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को बंगाल में 16.80% वोट और दो सीटें मिलीं थीं। इसके बाद से भाजपा को राज्य में विस्तार की संभावनाएं दिखी हैं। इसकी झलक उपचुनावों में भी दिखी है। उलुबेरिया लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को 23.29% वोट मिले थे। 2014 में यहां उसे 11.5% वोट मिले थे। नोआपाड़ा विधानसभा सीट पर 2016 में जहां भाजपा को 13% वोट मिले थे, यहां उपचुनाव में 20.7% वोट मिले हैं। वहीं, लेफ्ट और कांग्रेस के वोट प्रतिशत में कमी आई है। कोंतई विधानसभा उप-चुनावों में भाजपा 30% वोट के साथ दूसरे स्थान पर रही थी।
मुस्लिमों की पार्टी बताने पर भड़की कांग्रेस : मोदी में आजमगढ़ की रैली में कांग्रेस को मुस्लिमों की पार्टी बताया तो अब कांग्रेस ने उन पर पलटवार किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने रविवार को कहा, “प्रधानमंत्री ने अपने पद की गरिमा को लगातार ठेस पहुंचायी है। यह उनकी बीमार मानसिकता दिखाता है। उनकी बीमार मानसिकता एक राष्ट्रीय चिंता का विषय है। प्रधानमंत्री ने ऐसा बयान दिया है, जो ऐतिहासिक तथ्यों के हिसाब से गलत है।”