मिशन मून: भारत इतिहास रचने को तैयार, आज चंद्रमा पर उतरेगा चंद्रयान-3, सॉफ्ट लैंडिंग के लिए देशभर में पूजा- हवन शुरू

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। भारत का महत्वाकांक्षी मिशन ‘चंद्रयान-3’ आज यानी 23 अगस्त को चंद्रमा की दक्षिणी ध्रुव लैंडिंग करने वाला है। भारत की स्पेस एजेंसी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ( इसरो) के मुताबिक, ये लैंडिंग शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद की सतह पर होनी है। इसरो सॉफ्ट लैंडिंग की तैयारी शाम के करीब 5.45 बजे से ही शुरू कर देगा। भारत के इस मून मिशन के लिए, देश के हर कोने में प्रार्थना और पूजा पाठ चल रही है ताकि चंद्रयान-3 का उद्देश्य पूरा हो सके। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए छतरपुर के बागेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और उनका कहना है कि भगवान ने चाहा तो हम आज इतिहास रच देंगे, जिस काम को पूरी दुनिया नहीं कर सकती वो भारतीय कर सकता है। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए उत्तर प्रदेश के वाराणसी में साधुओं ने हवन किया ताकि भारत का मिशन मून सफल हो सके।