दिव्यांगों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, मंत्री के बंगले का किया घेराव

भोपाल। अपनी मांग को लेकर धरना दे रहे दिव्यांगों को कांग्रेस का समर्थन मिला है। इसके तहत कांग्रेसियोंं ने बुधवार को सामाजिक न्याय मंत्री गोपाल भार्गव के बंगले का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में घेराव करने पहुंचे कांग्रेसियों की इस दौरान पुलिस से झड़प भी हो गई। जिस पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
गौरतलब है कि दिव्यांगजन अपनी मांगों को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में पिछले 10 दिनोंं से आंदोलन चलाए हुए हैं। मंगलवार को इनमें से कुछ दिव्यांगजनों ने छोटे तालाब पर जल सत्याग्रह भी किया था जिन्हें बाद में पुलिस ने बलपूर्वक हटाया था।
इन्हीं के समर्थन में कांग्रेसजनों ने आज सरकार के खिलाप मोर्चा खोला। दिव्यांगों की मांगों को जायज बताते हुए कांग्रेसियों ने मंत्री गोपाल भार्गव के बंगले पर प्रदर्शन और घेराव की घोषणा की। कांग्रेसी मंत्री के बंगले का घेराव करने निकले ही थी कि पुलिस ने इन्हें बंगले से कुछ दूरी पर रोक लिया। विरोध स्वरूप कांग्रेसी सड़क पर ही बैठ गए। कांग्रेसियों ने यहां जमकर नारेबाजी शुरु की।
कांग्रेसियों ने जब बंगले की तरफ बढ़ने की कोशिश की तो उनकी पुलिस से झड़प हो गई। कांग्रेसी और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कांग्रेसियोंं को खदेड़ा। वहीं विरोध कर रहे कुछ कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। बताया जा रहा है कि 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
आपको बता दें कि योग्यता अनुसार सरकारी नौकरी, तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर दिव्यांगों की सीधी भर्ती, विभिन्न सरकारी विभागों में दृष्टिबाधित के 8000 रिक्त पदों पर भर्ती, विशेष विद्यालयों में शिक्षकों के पद पर भर्ती, दृष्टिहीन पेंशन राशि 300 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह करने सहित अन्य मांगों को लेकर दिव्यांग लगातार आंदोलन चलाए हुए हैं। मंगलवार को इनमें से कुछ दिव्यांगों ने जल सत्याग्रह भी किया था।