धन तेरस से पहले सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट:सोना 60 हजार और चांदी 70 हजार पर आई, कैरेट के हिसाब से देखें गोल्ड की कीमत

आज यानी गुरुवार (9 नवंबर) को सोने-चांदी के दामों में गिरावट देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोने के दाम 423 रुपए गिरकर 60,117 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए हैं। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 45,088 रुपए रह गई है। कल यानी 10 नवंबर को धन तेरस है। इस दिन सोने में निवेश शुभ माना जाता है।
इसके अलावा चांदी के दाम में भी आज मामूली गिरावट देखने को मिली है। ये 109 रुपए फिसलकर 70,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। इससे पहले ये 70,209 रुपए पर थी।
अक्टूबर में 3,600 रुपए से ज्यादा मंहगा हुआ सोना
अक्टूबर महीने में सोना-चांदी के दामों में शानदार तेजी देखने को मिली। बीते महीने सोने के दाम में 3,651 रुपए की तेजी देखने को मिली थी। अक्टूबर की शुरुआत यानी 1 अक्टूबर को ये 57,719 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो 31 अक्टूबर को 61,370 रुपए पर पहुंच गया था। वहीं चांदी 71,603 रुपए प्रति किलोग्राम से 72,165 रुपए पर आ गई थी।
इस धन तेरस गोल्ड ETF में कर सकते हैं निवेश
कल यानी 10 नवंबर को धन तेरस है, इस दिन अगर आप सोने में निवेश का प्लान बना रहे हैं तो गोल्ड ETF एक बेहतर ऑप्शन हो सकता है। सोने को शेयरों की तरह खरीदने की सुविधा को गोल्ड ETF कहते हैं। ये एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड हैं, जिन्हें स्टॉक एक्सचेंजों पर खरीदा और बेचा जा सकता है। चूंकि गोल्ड ETF का बेंचमार्क स्पॉट गोल्ड की कीमतें हैं, आप इसे सोने की वास्तविक कीमत के करीब खरीद सकते हैं।
इसमें निवेश के लिए डीमैट अकाउंट जरूरी: गोल्ड ETF खरीदने के लिए आपको डीमैट अकाउंट खोलना होता है। इसमें NSE या BSE पर उपलब्ध गोल्ड ETF के यूनिट आप खरीद सकते हैं और उसके बराबर की राशि आपके डीमैट अकाउंट से जुड़े बैंक अकाउंट से कट जाएगी।