धनतेरस आज जगमग रोशनी से सजे बाजार, बढ़ गई रौनक

कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर आज धनतेरस का पर्व मनाया जाएगा। इसी तिथि पर भगवान धनवंतरि सोने के कलश के साथ प्रकट हुए थे। साथ ही त्रयोदशी के दिन ही आयुर्वेद के देवता धनवंतरि जी की जयंती भी मनाई जाएगी। धनतेरस पर नई चीजों की खरीददारी का विशेष महत्व होता है। ऐसी मान्यता है जो कोई भी धनतेरस के दिन खरीददारी करता है, उसके घर सुख और समृद्धि आती है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदी गई वस्तुएँ कई वर्षों तक शुभ फल प्रदान करती हैं। पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह जगमग रोशनी से सज गया है, इससे बाजार में रौनक नजर आने लगी है। पं. रोहित दुबे, पं. वासुदेव शास्त्री, पं. राजकुमार शर्मा शास्त्री के अनुसार धनतेरस के दिन भगवान धनवंतरि के साथ धन की देवी माँ लक्ष्मी, कुबेर देव, यम और भगवान गणेशजी की पूजा की जाती है। धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में बर्तन और सोने-चाँदी के अलावा वाहन, जमीन-जायदाद के सौदे, लग्जरी चीजें और घर में काम आने वाली अन्य दूसरी चीजों की खरीददारी करना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि धनतेरस के दिन खरीदी गई चल-अचल संपत्ति में तेरह गुना वृद्धि होती है।