सगाई के बाद प्रियंका चोपड़ा ने निक जोनास को अपनी ‘बच्चियों’ से मिलवाया

मुंबई। प्रियंका चोपड़ा ने मुंबई में अपने मंगेतर निक जोनास के साथ सगाई और रोका करने के बाद रात को पार्टी की और फिर उन्हें लेकर ऐसी जगह पहुंच गयीं, जिससे प्रियंका का बहुत लगाव है। यह जगह है सेंट कैथरीन अनाथालय, जहां अनाथ बच्चियों को आसरा दिया जाता है।
शनिवार को प्रियंका चोपड़ा के मुंबई स्थित आवास पर रोका और सगाई समारोह हुआ। फिर रात को पार्टी हुई, जिसमें बॉलीवुड और बिज़नेस की दुनिया के कई नामी-गिरामी हस्तियों ने शिरकत दी और कपल को बधाई दी। इस पार्टी के बाद रविवार को प्रियंका अपनी बच्चियों से मिलने पहुंचीं। दरअसल, प्रियंका सेंट कैथरीन ऑरफनेज से जुड़ी हैं और यहां चैरिटी करती रहती हैं। यहां की बच्चियां उन्हें बहुत पसंद करती हैं तो भला अपने होने वाले पति को वो अपनी ‘बेटियों’ से कैसे नहीं मिलवातीं।
प्रियंका ने इस मुलाक़ात का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है, जिसमें निक जोनास प्रियंका के साथ कुर्सी पर बैठे हैं और गा रहे हैं। बाक़ी सब लोग तालियां बजाकर उनका साथ दे रहे हैं। निक के माता-पिता को भी इस वीडियो में देखा जा सकता है। इस वीडियो के साथ प्रियंका ने लिखा है- इन लड़कियों को 12 साल से जानती हूं और ये सभी प्यार के बंधन में बंधी हैं। निक जोनास और हमारे परिवारों का शुक्रिया। सेंट कैथरीन ऑर्फनेज की सिस्टर्स और सबी बच्चियों का शुक्रिया, एक बार फिर हमारे लिये दिल खोलने के लिए। अगली मुलाक़ात जल्द होगी।
प्रियंका और निक का यह वीडियो काफ़ी तेज़ी से वायरल हो रहा है और महज़ आधे घंटे के भीतर इसे 6 लाख से अधिक लोग पंसद कर चुके हैं। इस दौरान प्रियंका ने डांस भी किया, जिसका वीडियो नीचे है।
सगाई होने के बाद प्रियंका और निक एक-दूसरे के इंस्टाग्राम एकाउंट्स को टैग करने लगे हैं। सगाई के तुरंत बाद प्रियंका ने यह तस्वीर शेयर की थी, जिसे 24 घंटे में 40 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं।