‘पानी रोकने के लिये देश में बनीं 30 परियोजनाएं : पंचम नदी महोत्सव

भोपाल। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जल संसाधन, नदी विकास तथा गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने होशंगाबाद जिले में नर्मदा एवं तवा नदी के संगम स्थल बांद्राभान में पंचम नदी महोत्सव का शुभारंभ किया।
केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस अवसर पर कहा कि, जब तक हम जल का संरक्षण नहीं करेंगे, तब तक देश में जल की समस्या समाप्त नहीं होगी। हमें जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पृथ्वी का 70 प्रतिशत पानी बेकार चला जाता है। इसके नियोजन के लिये देश में 30 परियोजनाएं बनाई गईं हैं।
’78 करोड़ रुपये का पानी विक्रय करने का लक्ष्य’
नितिन गडकरी ने बताया कि, केन्द्र शासन गंगा प्रोजेक्ट में साढ़े 5 लाख करोड़ रुपये के कार्य करवाएगा। नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिये केन्द्र शासन द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं। इसके लिये पानी पर चलने वाली बस और हवाई जहाज खरीदे गये हैं। 5 वर्ष पहले टॉयलेट का पानी शुद्ध करके विक्रय कर 18 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया था। इस वर्ष 78 करोड़ रुपये का पानी विक्रय करने का लक्ष्य है।
‘चिंतन और सुझाव पर भारत सरकार करेगी अमल’
उन्होंने बताया कि सीवरेज जल से मिथेन गैस निकालकर गंगा नदी पर बस चलाना आरंभ किया गया है। उन्होंने ग्राम एवं जिला पंचायत में सड़क निर्माण में डामर के साथ 8 प्रतिशत प्लास्टिक का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि समुद्र का पानी भी शुद्ध करके पेयजल के रूप में बेचा जा रहा है। गडकरी ने कहा कि नदी महोत्सव से प्राप्त चिंतन और सुझाव पर भारत सरकार अमल करेगी।
‘प्रदेश में लगाये गये 6 करोड़ 63 लाख पौधे’
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि, मध्यप्रदेश में राज्य सरकार द्वारा नदी एवं पर्यावरण सुरक्षा के लिये किये जा रहे विशेष कार्य सराहनीय हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, नदी संरक्षण के लिये गत वर्ष नर्मदा सेवा यात्रा निकाली गई थी। 5 माह 5 दिन तक चली इस यात्रा से लोगों में नदी, जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागृति आई है। उन्होंने बताया कि, 2 जुलाई 2017 को प्रदेश में 6 करोड़ 63 लाख पौधे लगाये गये, जिनमें से 80 प्रतिशत पौधे जीवित हैं।
‘313 नदियों पर श्रमदान कर किया जायेगा पुनर्जीवित’
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, 15 जुलाई 2018 को पुन: 7 करोड़ पौधे लगाये जायेंगे और प्रदेश की 313 नदियों पर श्रमदान कर उन्हें पुनर्जीवित किया जायेगा। सीएम ने कहा कि तालाबों के पुनर्जीवन का कार्य भी होगा। नर्मदा किनारे 20 जिलों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का काम शुरू हो गया है। नर्मदा के किनारे के गांवों में मुक्तिधाम, पूजनकुंड और क्षेत्र को नशामुक्त बनाने का काम किया जा रहा है।
‘जैविक खेती का अभियान नर्मदा तट से शुरू’
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, सिंचाई संसाधनों में वृद्धि के फलस्वरूप प्रदेश में गेहूं, चना, उड़द, प्याज, लहसुन आदि का भरपूर उत्पादन हुआ है। इनकी खपत के लिये प्रसंस्करण केन्द्र बनाने पर कार्य किया जा रहा है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जैविक खेती का अभियान नर्मदा तट से शुरू किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान हुए चिंतन के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जायेगी।