बांग्लादेश का विमान नेपाल में दुर्घटनाग्रस्त, 50 लोगों की मौत, 17 बचाए गए लोगों में से कुछ की हालत गंभीर

काठमांडू | नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार दोपहर 2:20 बजे बांग्लादेश का यूएस-बांग्ला एयरलाइंस का विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 50 लोगों की मौत हो गई। विमान में 67 यात्री और क्रू के 4 लोग सवार थे। 17 लोगों को बचाया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है। विमान संख्या एस 2-एजीयू, बॉम्बार्डियर दाश 8 क्यू400 ढाका से काठमांडू पहुंचा था। लैंडिंग के समय विमान रनवे पार कर आगे चला गया और फुटबॉल ग्राउंड में क्रैश होने के साथ ही उसमें आग लग गई। वह दो टुकड़ों में बंट गया। हादसे के पीछे तकनीकी खराबी का संदेह जाहिर किया जा रहा है।
हवा में विमान का इंजन बंद, अहमदाबाद में आपात लैंडिंग
अहमदाबाद/नई दिल्ली | इंडिगो की फ्लाइट के एयरबस ए320 निओ विमान ने लखनऊ के लिए 9:20 बजे उड़ान भरी। कुछ देर बाद उसका एक इंजन बंद हो गया। 10:04 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। इसमें सवार सभी 186 यात्री सुरक्षित हैं। विमान में प्रैट एंड विट्नी कंपनी का पीडब्ल्यू 1100 इंजन लगा है। इस मॉडल के इंजन पहले भी हवा में बंद हो चुके हैं। इसे देखते हुएडीजीसीए ने इस कंपनी के इंजन वाले एयरबस ए320 निओ विमान की उड़ानों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
अमेरिका : न्यूयॉर्क में हेलिकॉप्टर हादसे में 5 की मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गया। हेलिकॉप्टर में सवार 5 यात्रियों की मौत हो गई। पायलट सुरक्षित बच गया, जिसे नाव चला रहे लोगों ने बाहर निकाला।